गति किसे कहते हैं, गति के प्रकार | एक विमीय, द्वि-विमीय, त्रि-विमीय गति | Motion in hindi

आज हम आपको गति के बारे में बताने वाले हैं गति किसे कहते हैं. Motion in hindi. गति के प्रकार तथा एक विमीय गति, द्वि-विमीय गति, त्रि-विमीय गति क्या होती है इन सभी के बारे में विस्तार से जानने के लिए अंत तक पढ़ें.

गति किसे कहते हैं

Motion in hindi : समय तथा प्रेक्षक की स्थिति के सापेक्ष वस्तु की स्थिति में परिवर्तन हो तो यह प्रक्रिया गति कहलाती है सरल भाषा में कहे तो वस्तु की स्थिति में परिवर्तन गति कहलाती है। जैसे- पृथ्वी पर स्थित किसी व्यक्ति (प्रेक्षक) के सापेक्ष चलते हुए वाहन, झरने से गिरता हुआ जल आदि।

इस प्रकार गति एवं विराम दोनों परस्पर सापेक्षिक अवधारणाएँ हैं। उदाहरण के लिए- एक गतिमान कार में कुछ व्यक्ति यात्रा कर रहे हैं जब कार सड़क पर गतिमान अवस्था में है, तो कार के सहयात्री एक-दूसरे के सापेक्ष विरामावस्था में होते हैं, जबकि कार के बाहर की वस्तुएँ (अन्य वाहन, पेड़-पौधे, भवन आदि) कार में बैठे यात्रियों को गतिशील प्रतीत होती हैं।

गति के  प्रकार

विमीय आधार पर गति के प्रकार-

विमीय आधार पर गति के तीन प्रकार हैं

(1) एक विमीय गति

(2) द्वि-विमीय गति

(3) त्रि-विमीय गति

पथ के आधार पर गति के प्रकार- 

पथ के आधार पर गति के चार प्रकार होते हैं

(1) स्थानांतरीय गति

(2) घूर्णन गति

(3) दोलन अथवा कम्पन गति

(4) प्रक्षेप्य गति

दोहराव के आधार पर गति के प्रकार-

दोहराव के आधार पर गति के दो प्रकार होते हैं

(1) आवर्त गति

(2) सरल आवर्त गति

एक विमीय गति किसे कहते हैं

यदि कोई पिण्ड किसी भी दिशा में एक सरल रेखा (Straight Line) में गति करता है, तो इसे एक विमीय गति कहा जाता है। इसमें वस्तु की केवल एक विमा ही परिवर्तनशील होती है। जैसे- लम्बाई, चौड़ाई अथवा ऊँचाई।

एक विमीय गति के दौरान पिण्ड की स्थिति को दर्शाने के लिए केवल एक स्थिति निर्देशांक (One Position Co-Ordinate) की आवश्यकता होती है। उदाहरण: सीधी सड़क पर गतिमान वाहन, एक निश्चित ऊँचाई से गिरायी गई वस्तु की गति, सीधी नली में डाली गई गेंद की गति आदि।

द्वि-विमीय गति किसे कहते हैं

जब कोई पिण्ड एक ऐसे तल में गति करता है, जिसमें उसकी स्थिति को दर्शाने के लिए दो अक्षों के निर्देशांकों (x,y अथवा y,z अथवा x,z) की आवश्यकता हो, तो इसे द्वि-विमीय गति कहा जाता है।

इसमें वस्तु एक साथ दो विमाओं में परिवर्तनशील होती है। जैसे- लम्बाई एवं चौड़ाई अथवा चौड़ाई एवं ऊँचाई अथवा लम्बाई एवं ऊँचाई। उदाहरण : तोप से दागे गए गोले की गति, नदी में नाव की गति, किक मारने के बाद हवा में फुटबॉल की गति आदि। परवलयाकार पथ पर की गति द्विमीय गति का उदाहरण है।

त्रि-विमीय गति किसे कहते हैं

जब कोई पिण्ड इस प्रकार गति कर रहा हो कि, समय के साथ उसकी स्थिति तीनों विमाओं में परिवर्तित हो रही हो, तो इसे त्रि-विमीय गति कहते हैं।

इसमें वस्तु की स्थिति को दर्शाने के लिए तीनों अक्षों (x,y एवं z) के निर्देशांकों की आवश्यकता होती है। उदाहरण : आकाश में पतंग, वायुयान, पक्षियों की गति, गैसीय अणुओं की गति आदि।

Leave a Comment